महराजगंज: तेज रफ्तार बाइक पोल से टकराई, किशोर की मौत, दो युवक गंभीर घायल

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। थाना क्षेत्र के दुबौलिया ग्राम पंचायत के जमुनहीया टोले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई, जिसमें एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में सुमित (16 वर्ष), पुत्र उमेश निवासी आमाकोट नगर पंचायत बृजमनगंज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो युवक अमित (निवासी आमाकोट) और राज (मूल निवासी सूरत, वर्तमान पता आमाकोट) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अमित और राज को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे के समय तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *