शकील अहमद
लखनऊ। कृष्णा नगर स्थित सहसोवीर मंदिर, कैंट क्षेत्र में भगवान परशुराम जी का प्राकट्योत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर निर्माण के 5 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव भी मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के साथ हुई। मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भगवान परशुराम जी के विग्रह का विशेष श्रृंगार किया गया और महंत दिव्या गिरी द्वारा विधि-विधान से आरती एवं भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति की उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने भगवान परशुराम के आदर्शों धर्म, साहस और न्याय को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, अलका दास, निर्मला पंत, ऋचा जोशी, रेणुका टंडन सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भजन संध्या इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक “जय परशुराम” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।


















