लखनऊ। अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ, हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने हज-2026 में यात्रा पर जा रहे हज यात्रियों को स्वागत एवं अभिनन्दन कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर हज के लिए रवाना किया।
हज-2026 की पहली उड़ान से कुल 427 हज यात्री रवाना हुए, जिनमें 222 पुरूष एवं 205 महिलाएं शामिल हैं। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों का उन्होंने स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिनकी शान में आज यह महफ़िल सजी है हज की आज पहली उड़ान की शुरूआत लखनऊ से हुई है और मैं उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तरफ से सभी हज-2026 पर जाने हजरतों को उनकी मंगल यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।
मंत्री अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बताया है कि जब आप हज पर जाएं, हज पूरा होने के बाद, हज के दौरान जब आप दुआओं के लिए हाथ उठाएं, तो उस दुआ में अपने प्रदेश और अपने मुल्क की तरक्की की दुआएं जरूर मांगे। ऐसी गुजारिश मुख्यमंत्री ने तमाम हाजियों से की है।
हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू जी एवं हमने खुद हज की जो पूरी ये प्रक्रिया है, हज का जो पूरा सफर है, ये पूरे सुकून और इत्मीनान से आपको मिले, इसके लिए हमने पूरी ईमानदारी से काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुझे सऊदी भी भेजा गया था।
मैं मक्का और मदीना खुद गया था और मैंने वहां जा के ग्राउंड ज़ीरो के इंस्पेक्शन भी किये हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार ने पूरी ईमानदारी एवं लगन से प्रयास किया है कि किसी हज यात्री को हज के दौरान कहीं कोई दिक्कत ना हो इसकी पूरी तैयारी की है। अच्छे होटल्स हमने सेलेक्ट किए हैं, रहने की अच्छी व्यवस्थाएं हमने बनाई हैं।
ट्रांसपोर्टेशन के लिए भी अच्छी व्यवस्थाएं हमने बनाई है। खाने के लिए कैटरिंग की व्यवस्था हज-यात्रियों को उपलब्ध होगी। कैटर्स के जो नाम वगैरह है, आपके जो एसएचआई हेल्थ इंस्पेक्टर जो आपके साथ जा रहे हैं, या वहां जो हज का ऑफिस है, वहां से आपको इसकी जानकारी मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आप सभी लगभग 40 दिन से अधिक के सफर पर जा रहे हैं, हर दिन सुकून से बीते, अच्छा खाना मिले, ट्रांसपोर्टेशन की अच्छी व्यवस्था मिले, रहने की अच्छी व्यवस्था मिले, इस पर ग्राउंड लेवल पर काम किया गया है।
राज्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण व अध्यक्ष उ0प्र0 राज्य हज समिति दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जो आपको किट दी गई है उस किट में एक स्मार्ट वॉच आपको मिला होगा। ये पहला हज है जिसमें भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इसमें इस्तेमाल पहली बार कर रहा है।
एआई का इस्तेमाल हाजियों के खिदमत के लिए इस बार भारत सरकार कर रही है। ये स्मार्ट वॉच आपके बहुत काम की है। स्मार्ट वॉच के माध्यम से एक तो आपको अज़ान के समय की भी पूरी जानकारी मिलेगी। इसके साथ-साथ जी.पी.एस. ट्रैकर के माध्यम से कही गुम हो जाते है तो हाजी को ढूँढने व ट्रैक करने में आसानी होगी।
इस स्मार्ट वॉच के ऊपर एक इमरजेंसी बटन बनी हुई है, यदि हाजी को कोई इमरजेंसी है तो जब आप इस इमरजेंसी बटन को दबाएंगे तो आपको तीन से पांच मिनट के अंदर इमरजेंसी से संबंधित चीजें मुहैया करायी जायेंगी। हज यात्रियों को कोई दिक्कत होने पर वहां समुचित मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में जनाब मौलाना उमैर इलयासी साहब (अध्यक्ष, आल इण्डिया इमाम ऑर्गेनाइजेशन), जनाब यासूब अब्बास साहब (शिया धर्मगुरू), जनाब मौलाना सुफियान निजामी, जनाब मौलाना सैयद अजीज अशरफ साहब, (किछौछा शरीफ), जनाब मौलाना सैफ अब्बास साहब (अध्यक्ष शिया मरकजी चांदी कमेटी, लखनऊ) उ0प्र0 राज्य हज समिति के सदस्यगण व आर0पी0 सिंह, संयुक्त निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, उ0प्र0, सचिव/कार्यपालक हज समिति एसपी तिवारी एवं उपस्थित रहकर अपने विचार व्यक्त किए।


















