रायबरेली। जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में ग्राम रानीखेड़ा निवासी हरिओम (22 वर्ष), हरिशंकर (16 वर्ष) और सत्येंद्र (26 वर्ष) की मृत्यु हो गई, जबकि हिमांशु को गंभीर हालत में सीएचसी सरेनी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। जिलाधिकारी ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के आश्रितों को शासन द्वारा अनुमन्य राहत राशि/मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
डीएम ने कहा कि इस दुखद घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और हर आवश्यक मदद सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाई जाएगी।
जनपद प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नदी-तटों पर जाते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















