रायबरेली (बछरावां)। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने थाना बछरावां पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, राजस्व संबंधी शिकायतों के साथ-साथ सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर शीघ्र कार्रवाई की जाए और अनावश्यक देरी से बचा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाना है, इसलिए अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महराजगंज गौतम सिंह सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


















