लखनऊ में हादसा: शादी से लौट रहे ज्योतिषी अनुराग शुक्ला की मौत, अंडरपास निर्माण पर उठे सवाल

शकील अहमद

लखनऊ (मानकनगर)। राजधानी लखनऊ के मानकनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ज्योतिषी अनुराग शुक्ला (52) की मौत हो गई। यह हादसा सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे उस समय हुआ, जब वह एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जय प्रकाश नगर, कृष्णा नगर निवासी अनुराग शुक्ला गुरुवार रात अवस्थी लॉन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 11 बजे घर लौटते समय सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मृतक के मित्र दिनेश अवस्थी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई या फिर बाइक फिसलने के कारण हादसा हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि सड़क पर फैली मिट्टी और गिट्टी इस दुर्घटना की वजह हो सकती है।

निर्माण कार्य पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे अंडरपास का निर्माण कार्य मानकों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। सड़क पर मिट्टी और गिट्टी फैली होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
नागरिकों और राहगीरों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते यह स्थान दुर्घटनाओं का केंद्र बन गया है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

परिवार में मचा कोहराम

अनुराग शुक्ला अपने पीछे पत्नी ऋचा शुक्ला और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस क्या कहती है

थाना प्रभारी मानकनगर अजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हालांकि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts