बारिश से पहले अधूरा पुल बना खतरा, दीवार गिरने से युवक कोमा में

सलमान खान

ऊधम सिंह नगर। बाजपुर के बेरिया रोड स्थित लेबड़ा नदी पर निर्माणाधीन पुल की धीमी गति ने क्षेत्रीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि बारिश शुरू होने से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो आसपास की कॉलोनियों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

निर्माणाधीन पुल के पास बनाई गई अस्थायी दीवार भी लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। हाल ही में आई आंधी और बारिश के दौरान यह दीवार गिर गई, जिससे एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में पहुंच गया। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पुल निर्माण की सुस्त रफ्तार का असर यातायात पर भी साफ नजर आ रहा है। बेरिया रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया, तो इंदिरा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी और चकरपुर क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ की गंभीर स्थिति बन सकती है। साथ ही, अस्थायी पुल के बह जाने की स्थिति में बड़े हादसों की संभावना भी बढ़ जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश जारी करें।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले बरसात के मौसम में भारी नुकसान और जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts