रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बड़ा भगत खेड़ा मजरे सेमरी निवासी शुभम पुत्र स्व.उमा शंकर उम्र लगभग 17 वर्ष अंकित पुत्र कमलेश उम्र लगभग 18, अनुराग पुत्र राम कुमार 19 बीती 30 अप्रैल को सुबह के लगभग साढ़े तीन बजे वीडियो ग्राफी का प्रोग्राम करके छोटा हाथी लोडर वाहन में सवार होकर उन्नाव से वापस गांव आ रहे थे।
तभी अचानक सुमेरपुर के निकट कल्याणपुर गांव के पास छोटा हाथी लोडर संख्या यूपी 33 सीटी 6634 का पहिया फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमे शुभम, अंकित व अनुराग घायल ही गये। ड्राइवर मो. शानू निवासी महरानीगंज को मामूली चोट आयी। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया।
दुर्घटना में घायल शुभम को सिर में गंभीर चोट होने के कारण एम्स रायबरेली रिफर कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रिफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि ट्रामा सेंटर लखनऊ में बेड खाली न होने के कारण लखनऊ के एक प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान शनिवार को प्रातःकाल लगभग साढ़े तीन बजे शुभम की मौत हो गई। मृतक के शव को बड़ा भगत खेड़ा लाया गया। जहां पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। शुभम की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।
शुभम के पिता उमा शंकर की मृत्यु लगभग तीन वर्ष पहले हो गई थी। मृतक का बड़ा भाई शिवम, बहन पूनम, मां बिट्टो देवी का रो रो कर बुरा हाल है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


















