सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के बचगंगपुर के टोला थापापुर में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान 24 वर्षीय अंशु के रूप में हुई है। उसकी शादी 9 मई 2022 को इसी गांव के निवासी कृष्ण गोपाल से हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अंशु के देवर कृष्ण मोहन की बारात गई थी। शनिवार को बारात लौटने के कुछ घंटों बाद अंशु अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

रविवार सुबह क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनुरुद्ध कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति कृष्ण गोपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीओ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


















