सलमान खान
उत्तराखंड के बाजपुर शहर में बारिश के मौसम से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते के निर्देश पर नगर के सभी प्रमुख नालों और नालियों की तलीझाड़ सफाई कराई जा रही है।
इसी क्रम में चेयरमैन गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ ने सभासद जगतजीत सिंह और सफाई नायक कुन्दन सिंह के साथ मोहल्ला बाँकेनगर में चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन ने बताया कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से शहर को बचाने के लिए यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। नगर क्षेत्र के सभी नालों और नालियों की तली तक सफाई कराई जा रही है, ताकि पानी का निकास सुचारू बना रहे।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि वर्षाकाल से पहले लेबड़ा और हाथी चिंगाड़ नदी की भी तलीझाड़ सफाई कराई जाए, जिससे जलभराव की समस्या को और प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
साथ ही उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कूड़ा-कचरा नालों और नालियों में न डालें। नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी में ही कचरा डालकर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।
चेयरमैन ने कहा कि बाजपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है।


















