रायबरेली। जिले के चन्दापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा दुसौती चौराहे के पास प्राथमिक विद्यालय के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मृतक की पहचान अमेठी जनपद के जायस थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय सोमनाथ पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमनाथ अपनी स्प्लेंडर बाइक (यूपी33 बीजेड 0041) से लालगंज में एक निमंत्रण कार्यक्रम से वापस रायबरेली की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान मोहनगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार (यूपी 32 आरटी 9747) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोमनाथ कार के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल सोमनाथ को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चन्दापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक घटनास्थल पर ही पड़ी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह सड़क पहले भी कई हादसों का गवाह रह चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर के पुल से लेकर दुसौती चौराहे तक पर्याप्त संकेतक बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने एनएच विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।


















