महराजगंज में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित घोड़नामपुर चौराहे पर बुधवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सभा महुलानी टोला ओली नगर निवासी 57 वर्षीय रंगीलाल प्रजापति बृजमनगंज से अपने घर लौट रहे थे। घोड़नामपुर चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने मुड़ते समय सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रंगीलाल प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार सिद्धार्थनगर जनपद के पिपरहना निवासी 22 वर्षीय विरु गौतम और 20 वर्षीय राघवेंद्र भी घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के जरिए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रंगीलाल प्रजापति की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

इस संबंध में थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *