सौरभ जायसवाल
महराजगंज। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी के विरोध में महराजगंज में सपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के करमहा में शनिवार शाम आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा नेता अमित चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घंटी बजाते हुए “राम नाम सत्य है” और “राम नाम सत्य है, सबकी यही गति है” का जाप किया। इसके बाद प्रतीकात्मक चिता जलाकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।
सपा नेता अमित चौबे ने बताया कि गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “हम चार लोग मिलकर उन्हें घाट पर पहुंचा देंगे।” उन्होंने इस बयान को अशोभनीय बताते हुए कहा कि यह राजनीति की गरिमा के खिलाफ है।

प्रतीकात्मक दाह संस्कार के दौरान समाजवादी नेता अमित चौबे कार्यकर्ताओं के साथ शव यात्रा में शामिल हुए। घाट पर पहुंचकर उन्होंने प्रतीकात्मक चिता को अग्नि दी और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि “योगी के दो बंदर हैं, एक रात भर और दूसरा दिन भर।” उन्होंने मंत्री ओमप्रकाश राजभर और मंत्री संजय निषाद पर भी निशाना साधा।
प्रदर्शन में अशोक यादव पूरी यात्रा के दौरान घंटी बजाते रहे। वहीं समाजवादी कार्यकर्ता मुकेश मौर्य, सोनू यादव और गोपाल चौधरी भी “राम नाम सत्य है, सबकी यही गति है” का जाप करते हुए शामिल हुए।






