सौरभ जायसवाल
महराजगंज। आलमाइटी पब्लिक प्राइमरी स्कूल एवं आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 10 मई 2026 को मदर्स डे बड़े उत्साह, प्रेम और गर्मजोशी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं के निःस्वार्थ प्रेम, स्नेह और त्याग को सम्मान देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने भावनात्मक गीत, नृत्य और कविताओं की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कई छात्र-छात्राओं ने भाषण के माध्यम से मां के त्याग, प्रेम और समर्पण को शब्दों में पिरोया।
बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भावुक और आनंदमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और भावनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।

मुख्य अतिथि राकेश जायसवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में परिवार के प्रति प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि मदर्स डे जैसे आयोजन समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि मां बच्चों को निस्वार्थ प्रेम, त्याग, अनुशासन और संस्कारों की सीख देती हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी मां से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, मेहनत और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि कुसुम प्रजापति, कान्ती देवी तथा आलमाइटी पब्लिक प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक ईश्वर चंद्र चौरसिया ने भी संबोधित किया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने सभी माताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के जीवन निर्माण में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






