रायबरेली। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शनिवार को कोतवाली सदर पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, राजस्व संबंधी शिकायतों के साथ-साथ सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच की जाए और गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
रवि कुमार ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
थाना समाधान दिवस में तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






