रायबरेली। एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत किसानों की शत-प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने को लेकर तहसील सदर सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह ने की।
बैठक में सभी खंड विकास अधिकारियों, तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार शमीम अहमद, राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों और कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह ने निर्देश दिए कि फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ग्राम स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसानों को जागरूक करने और पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए ग्राम प्रधानों और कोटेदारों का सहयोग लिया जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन का मानना है कि एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।






