सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। नगर क्षेत्र में रविवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार में एक मासूम बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। काफी देर तक परिजनों का पता न चलने पर बच्ची रोते हुए बाजार में इधर-उधर भटकती रही। बाद में नगर पंचायत के सभासद एवं भाजपा नेता जेपी गोंड की सक्रियता से बच्ची को सकुशल उसके परिवार से मिलाया जा सका।
जानकारी के अनुसार बच्ची की पहचान गरिमा पुत्री प्रकाश निवासी ग्राम पंचायत मिश्रौलिया टोला ओरइपुर के रूप में हुई है। बाजार में भीड़भाड़ के दौरान वह अपने परिजनों से अलग हो गई थी।

इसी दौरान सभासद एवं भाजपा नेता जेपी गोंड की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी। उन्होंने बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद बच्ची की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपना संपर्क नंबर जारी किया गया।
सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित होने के कुछ ही देर बाद बच्ची के परिजनों ने संपर्क किया। पहचान की पुष्टि होने के बाद जेपी गोंड ने बच्ची को सकुशल उसके परिवार के हवाले कर दिया।
मासूम बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सभासद के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी जेपी गोंड की संवेदनशीलता और तत्परता की प्रशंसा की।






