- प्रसाद हस्पिटल के चेयरमैन व प्रधानाचार्य के खिलाफ लगा मरीज की हत्या का गंभीर आरोप
- आखिर मरीज महिला चौथी मंजिल से कैसे गिरी, मौके पर क्यों नहीं रहे नर्स या हॉस्पिटल स्टाफ
शकील अहमद
बंथरा, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र अंतर्गत जुबानगंज कानपुर रोड स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में एक 28 वर्षीय महिला मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में कई अस्पताल बिना पर्याप्त मानकों और योग्य स्टाफ के संचालित हो रहे हैं, जहां मरीजों से इलाज और जांच के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। इस बीच सामने आया यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को प्रसाद हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से सीढ़ियों के पास संदिग्ध अवस्था में गिरकर महिला मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों का आरोप है कि घटना के समय न तो मौके पर कोई नर्स मौजूद थी और न ही अस्पताल स्टाफ ने समय पर कोई सहायता दी। वहीं यह भी आरोप लगाया गया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे गायब पाए गए और अस्पताल स्टाफ ने परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध है और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस दौरान बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। एसीपी की उपस्थिति में परिजनों ने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा।
परिजनों की ओर से अधिवक्ता नीरज तिवारी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 12 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 4 बजे उनकी बहन सीता दीक्षित (28), पत्नी अक्षय दीक्षित निवासी ग्राम किशुनपुर कौड़ियां, बंथरा, अपने पति के साथ इलाज के लिए प्रसाद हॉस्पिटल पहुंची थीं।
अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनका इलाज शुरू हुआ और परिजनों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य थी। रात में उनसे फोन पर बातचीत भी हुई थी।
तहरीर में आगे कहा गया है कि सुबह करीब 5:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई, जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण परिजनों ने आशंका जताई है कि प्रसाद हॉस्पिटल के प्रशासनिक स्टाफ व डॉक्टरों की मिलीभगत से महिला की हत्या की गई है।
परिजनों ने अपनी तहरीर में प्रसाद हॉस्पिटल के चेयरमैन भगवान प्रसाद यादव, प्रधानाचार्य तथा रात्रि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में भी मरीजों का शोषण जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।













