बाजपुर में गर्भवती महिला की मौत के बाद उजाला नेशनल हॉस्पिटल सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

सलमान खान

बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। नैनीताल रोड स्थित प्राइवेट उजाला नेशनल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। मामले में डॉक्टर की कथित लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धनसारा निवासी अतिम की पत्नी गुलफसा को दिनांक 13 अप्रैल 2026 की शाम करीब 8 बजे प्रसव के लिए उजाला नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार महिला का पहला बच्चा ऑपरेशन से हुआ था, इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा सामान्य प्रसव कराने का आश्वासन दिया गया।

बताया जा रहा है कि भर्ती के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल द्वारा रात करीब 10:30 बजे मरीज को अन्यत्र रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही गर्भवती महिला की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उधम सिंह नगर के मुख्य चिकित्साधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील करने के निर्देश जारी किए।

निर्देश के अनुपालन में 15 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:45 बजे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उजाला नेशनल हॉस्पिटल को सील कर दिया। टीम में चीफ फार्मासिस्ट दलजीत सिंह और कनिष्ठ सहायक आशीष कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना निजी अस्पतालों में मानकों की अनदेखी और कथित लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट संकेत है कि मरीजों की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts