लखनऊ में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, एक ही परिवार के 4 सदस्य गिरफ्तार

  • सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख के जेवरात समेत बाइक, स्कूटी और डीवीआर बरामद

शकील अहमद

सरोजनी नगर, लखनऊ। लखनऊ पुलिस की थाना सरोजनीनगर पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ही परिवार के अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात, नकदी, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, एक टीवी और एक डीवीआर बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार सरोजनीनगर क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस संबंध में थाना सरोजनीनगर में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे।

पहला मामला गायत्री सिंह पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र बहादुर सिंह निवासी गंगानगर अमौसी की तहरीर पर दर्ज हुआ, जिसमें 20 अप्रैल से 13 मई 2026 के बीच घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी किए जाने का आरोप लगाया गया था।

इसके अलावा इबरार अहमद निवासी बद्रीनगर कॉलोनी नादरगंज ने भी 13 से 15 मई की रात अज्ञात चोरों द्वारा अलमारी से जेवरात चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

वहीं रईस अहमद निवासी हिंदूखेड़ा अमौसी ने फरवरी 2026 में घर का ताला तोड़कर बुलेट मोटरसाइकिल, जेवरात और नकदी चोरी किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।

इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में डीसीपी दक्षिणी सर्विलांस टीम सहित चार पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने करीब 200 से 250 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।

जांच के दौरान आरोपियों की पहचान सुनिश्चित होने के बाद 19 मई 2026 को मेहराब ग्राउंड नादरगंज क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू सिंह, प्रदुम्न सिंह, शक्तिमान सिंह और विनीता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी आपस में भाई, भाभी, मामा और भांजे के रिश्ते में हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात में मुंह पर कपड़ा बांधकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। जिन घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे होते थे वहां से डीवीआर भी निकाल ले जाते थे ताकि कोई सबूत न बच सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी किराये के मकानों में रहते थे और समय-समय पर अपना ठिकाना बदलते रहते थे। इनके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

लखनऊ पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Share this article

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *