महराजगंज में डीजल न मिलने पर किसानों का हंगामा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

  • रातभर लाइन में लगे रहे किसान, 45 मिनट तक बाधित रहा बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। इंडियन ऑयल के बिहारीपुर पेट्रोल पंप पर गुरुवार सुबह डीजल और पेट्रोल वितरण शुरू न होने से नाराज किसानों और वाहन चालकों ने बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के किसान खेती-किसानी के कार्यों के लिए रात से ही ट्रैक्टर और गैलन लेकर पेट्रोल पंप पर लाइन में खड़े थे। सुबह पंप खुलने के बाद भी काफी देर तक तेल वितरण शुरू नहीं हुआ, जिससे किसानों और वाहन चालकों का आक्रोश बढ़ गया।

नाराज लोगों ने पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंप पर डीजल और पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा वितरण नहीं किया जा रहा था।

किसानों ने कहा कि डीजल की कमी के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है। घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के चलते बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण राहगीरों, स्कूली वाहनों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद करीब 45 मिनट बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हैं। किसानों ने मांग की है कि तेल वितरण व्यवस्था को सुचारु किया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts