महराजगंज में युवक को कमरे में बंद कर जलाने का प्रयास, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

मारपीट, गर्म तेल डालने और सोने की चेन छीनने का आरोप, बाइक ले जाने की भी शिकायत

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम चेनपुर निवासी रवि कुमार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट की और गर्म तेल डालकर जान से मारने का प्रयास किया।

पीड़ित रवि कुमार के अनुसार 16 मई 2026 की रात करीब 12 बजे वह ग्राम नरायनपुर में एक कार्यक्रम में खाना बनाने गया था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और कमरे में बंद कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि कमरे में बंद करने के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, उस पर गर्म तेल डालकर जलाने का भी प्रयास किया गया। रवि कुमार ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी सोने की चेन भी छीन ले गए।

उन्होंने बताया कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद किसी तरह उसकी जान बच सकी।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी उसके घर पहुंचे और अवैध असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल भी उठा ले गए।

रवि कुमार का कहना है कि मामले की सूचना स्थानीय थाने पर दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस जांच की बात कह रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts