रामपुर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश

जिला टास्क फोर्स बैठक में संयुक्त अभियान तेज करने के आदेश, 9 चेक प्वाइंटों पर होगी सघन निगरानी

सलमान खान

रामपुर। डीएम अजय कुमार द्विवेदी और एसपी सोमेंद्र मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर रामपुर जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग की रोकथाम को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान रामपुर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रामपुर जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग जैसी गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप रामपुर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और राजस्व क्षति रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। रामपुर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने निर्देशित किया कि रामपुर जिले में स्थापित सभी 9 चेक प्वाइंटों पर नियमित और सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रभावी निगरानी के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। रामपुर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन से जुड़े सोर्स प्वाइंटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए, जहां से अवैध गतिविधियों की संभावना अधिक रहती है।

साथ ही नो-एंट्री अवधि के दौरान भी विशेष अभियान संचालित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध की जाने वाली प्रत्येक कार्रवाई की सूचना रामपुर जिले में स्थापित कंट्रोल रूम को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे कार्यवाही की सतत निगरानी और प्रभावी अनुश्रवण किया जा सके।

रामपुर एसपी सोमेंद्र मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को गंभीरता के साथ संचालित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से कार्रवाई करें ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रवर्तन संबंधी कार्यवाहियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए और अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में रामपुर एडिशनल एएसपी अनुराग सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts