बृजमनगंज में घायल युवक घंटों सड़क पर तड़पता रहा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

  • थाने से 500 मीटर दूरी पर खून से लथपथ मिला युवक, राहगीरों के फोन के बाद भी देर से पहुंची पुलिस

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज में मंगलवार रात पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब स्टेशन रोड पर एक घायल युवक लंबे समय तक खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना स्थल थाना क्षेत्र से महज 500 मीटर की दूरी पर था, इसके बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना रात करीब 10:30 बजे की है। घायल युवक सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ था। लोगों का कहना है कि मौके पर पीआरबी टीम भी पहुंची थी, लेकिन घायल युवक को वहीं छोड़कर चली गई।

राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस के बृजमनगंज थाने और कोबरा टीम को दी, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान घायल युवक सड़क पर दर्द से तड़पता रहा।

स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने 108 और 112 आपातकालीन सेवाओं पर फोन किया। लोगों के अनुसार 108 एम्बुलेंस सेवा कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस कर्मियों ने राहगीरों की मदद से घायल युवक को वाहन में बैठाया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे।

इसी बीच 112 टीम और बाद में कोबरा टीम के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज भेजा गया। राहगीर इंद्रसेन यादव, सूरज और अन्य लोगों ने बताया कि युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें थीं।

उन्होंने कहा कि युवक को लहूलुहान हालत में देखकर कई बार थाने पर फोन किया गया था। रात्रि गश्त पर तैनात होमगार्ड ने भी थाने को सूचना दी थी, लेकिन इसके बावजूद मदद पहुंचने में काफी देर हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था और कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि राहगीर समय रहते मदद न करते, तो घायल की जान भी जा सकती थी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts