महराजगंज में 120 लीटर डीजल के साथ युवक गिरफ्तार, अवैध तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

  • ठूठीबारी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी डीजल तस्करी, आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। जनपद में पेट्रोल और डीजल की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को 120 लीटर डीजल के साथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार मंगलवार 26 मई 2026 को ठूठीबारी थाना क्षेत्र के गड़ौरा पिकेट पर सघन वाहन चेकिंग और तस्करी रोकथाम अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की।

चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UP56V8905 पर रखे दो गैलनों से कुल 120 लीटर डीजल बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रेमसागर गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता निवासी ग्राम अहिरौली मदरा थाना परसामलिक जनपद महराजगंज, उम्र करीब 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार गौड़ तथा कांस्टेबल दिलीप यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 75/2026 के तहत धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल और डीजल को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध डीजल और पेट्रोल तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts