बृजमनगंज में ग्राम प्रधानों ने मनाया जश्न, प्रशासक बनाए जाने के फैसले पर जताया मुख्यमंत्री का आभार

  • पंचायत चुनाव में देरी के बीच सरकार के फैसले का स्वागत, प्रधान बोले- विकास कार्यों की रफ्तार नहीं होगी प्रभावित

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मौजूदा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के फैसले का बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने जोरदार स्वागत किया। बुधवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में प्रधानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और अबीर-गुलाल लगाकर खुशी जताई। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजू सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देरी के कारण ग्राम पंचायतों के प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे में ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय जनहित में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से ग्राम सभाओं में चल रहे विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंचता रहेगा। यदि पंचायतों का संचालन किसी अन्य वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से किया जाता, तो विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो सकती थी।

प्रधानों का कहना था कि सरकार के इस निर्णय से गांवों में निर्माण कार्य, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आएगा।

बैठक में मौजूद अन्य ग्राम प्रधानों ने भी प्रदेश सरकार के इस फैसले को ग्रामीण विकास के लिए सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि इससे गांवों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर सोनू सिंह, दिलीप गुप्ता, सुनील साहनी, बिरज यादव, शिववांचल, अशोक पटवा, पंकज यदुवंशी, हजारी निषाद, सत्तरजीत लोधी और बिंदेश भारती सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

सभी प्रधानों ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए ग्रामीण विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *