नाबालिग से तीन साल तक यौन शोषण का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल

  • पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी पर आर्थिक शोषण और इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने का आरोप

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के एक युवक पर नाबालिग किशोरी के यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि युवक पिछले लगभग तीन वर्षों से किशोरी को धमकाकर उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण कर रहा था।

जानकारी के अनुसार बछरावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि खीरों थाना क्षेत्र के अतरी मजरे दुकनहा गांव निवासी सत्यम पुत्र रामराज उनकी नाबालिग पुत्री के संपर्क में था। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाता रहा।

पीड़ित पिता का आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी ने कई बार उनकी पुत्री से रुपये और कीमती सामान हासिल किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी युवक ने किशोरी को डराकर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब एक लाख अस्सी हजार रुपये नगद भी अपने कब्जे में कर लिए।

परिजनों के अनुसार आरोपी ने किशोरी पर उसकी चाची के जेवरात चोरी कर उसे देने का भी दबाव बनाया। जब पीड़िता ने पूरी घटना अपने पिता को बताई तो उन्होंने आरोपी युवक से फोन पर बात कर आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद युवक ने किशोरी की जिंदगी बर्बाद करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी तथा कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।

घटना सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *