- दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किया जागरूक
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से विकास खंड बृजमनगंज परिसर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कृत्रिम सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों का परीक्षण कर उन्हें विभागीय प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए संकलित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के वरिष्ठ सहायक दिलीप कुमार गुप्ता एवं प्रवक्ता चंद कुमार ने उपस्थित लाभार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दिव्यांगजनों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और पात्रता संबंधी आवश्यक जानकारियां भी साझा कीं।
शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों की समस्याएं भी सुनी गईं। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया। शिविर के दौरान ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग करते दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों ने ऐसे शिविरों को दिव्यांगजनों के लिए लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजन कराने की मांग की।













