बृजमनगंज थाना परिसर में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना परिसर में रविवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में सेवानिवृत्त उर्दू अनुवादक अब्दुल्लाह खान को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में थाना प्रभारी समेत पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने कहा कि अब्दुल्लाह खान ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और व्यवहारिक दक्षता विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि विभाग को उनकी सेवाओं की कमी हमेशा महसूस होगी।

विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।
वार्ड संख्या-12 जयनगरा (बर्डपुर) निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी अब्दुल्लाह खान ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा और यहां मिले सहयोग व सम्मान को वह सदैव याद रखेंगे।
समारोह में वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, गजेंद्र प्रताप सिंह, सावंत कुमार, हेड मुहर्रिर अमरनाथ यादव, संदीप कुमार, अरविंद खरवार, बृजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नई पारी के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।













