- अनूपपुर संपर्क मार्ग किनारे लगा विद्युत पोल एक ओर झुका, ग्रामीणों ने विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम सभा फुलमनहा में अनूपपुर संपर्क मार्ग के किनारे लगा हाईटेंशन विद्युत पोल इन दिनों ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। सड़क किनारे स्थित यह पोल एक ओर झुक गया है, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से पोल की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। किसान खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, जबकि छात्र-छात्राएं भी विद्यालय आने-जाने के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में झुका हुआ हाईटेंशन पोल लोगों के लिए खतरे का सबब बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा, बारिश या किसी अन्य कारण से यदि पोल गिर गया तो गंभीर हादसा हो सकता है। पोल के नीचे से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास के लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समस्या की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए झुके हुए हाईटेंशन पोल की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यक मरम्मत अथवा उसे सीधा कराने की कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की और कोई दुर्घटना घटित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।













