मृतक आश्रित को मिला 2 लाख का बीमा क्लेम, ग्रामीण बैंक ने एक माह में किया भुगतान

  • बृजमनगंज शाखा में आयोजित ग्राहक गोष्ठी में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी, लाभार्थी को सौंपा गया चेक

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बृजमनगंज शाखा में मंगलवार को एक ग्राहक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत एक मृतक आश्रित को दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।

शाखा प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने दौलतपुर निवासी राम उजागिर की पत्नी विनीता को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। राम उजागिर का हाल ही में बीमारी के कारण निधन हो गया था। बैंक अधिकारियों ने बताया कि खाते की जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि उनके खाते से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत वार्षिक प्रीमियम के रूप में 436 रुपये की कटौती हुई थी।

मृत्यु प्रमाण पत्र एवं नामित व्यक्ति (नॉमिनी) के आवश्यक केवाईसी दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद बैंक ने बीमा दावा प्रक्रिया पूरी कर लगभग एक माह के भीतर क्लेम का निस्तारण कर दिया। चेक प्राप्त करने के बाद लाभार्थी परिवार ने बैंक और योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयोजित ग्राहक गोष्ठी में शाखा प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्राहकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि कम प्रीमियम में ये योजनाएं परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं।

उन्होंने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं और वित्तीय सेवाओं की भी जानकारी दी तथा ग्राहकों की समस्याओं और सुझावों को सुना। गोष्ठी में उपस्थित लोगों को वित्तीय जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक शेखर जायसवाल, रोकड़िया शशांक शुक्ला, समाजसेवी शशिकांत जायसवाल, पिंटू वर्मा, ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में बैंक ग्राहक मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts