- आगरा में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में बोले उपमुख्यमंत्री, पत्रकारिता को बताया राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम
लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की जीवनरेखा है और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत और जीवंत रह सकता है, जब उसके सभी स्तंभ निष्पक्षता, स्वतंत्रता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उपमुख्यमंत्री आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के राष्ट्रीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों का स्वागत करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। यदि सरकार जनहित के किसी कार्य में कमी छोड़ती है तो पत्रकार उसे उजागर करने का अधिकार रखते हैं, वहीं अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “वन नेशन-वन इलेक्शन” की अवधारणा संसाधनों की बचत करने और विकास की गति को तेज करने में सहायक सिद्ध होगी। देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का व्यापक समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों, ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के बावजूद भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
श्री मौर्य ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के अनेक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किए गए हैं। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान किए हैं, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।
पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों से जुड़े विषयों और समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक प्रमोद गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, प्रदेश महामंत्री द्विजेंद्र शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।












