रायबरेली: युवक का शव पेड़ से लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

  • अचानक हुई घटना से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के दुकनहा गांव में एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दुकनहा गांव निवासी श्यामू (25) पुत्र कैलाश हलवाई का शव रविवार सुबह गांव के बाहर दुकनहा-खीरों मार्ग के किनारे खड़े एक बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी।

घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलने पर खीरों पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *