- पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहा था युवक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के चकफेरशाह मजरे बसावनखेड़ा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक घर में मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय बिजली की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चकफेरशाह मजरे बसावनखेड़ा निवासी शिवम पुत्र बजरंगी सोमवार सुबह घर में मोबाइल चार्जिंग पर लगा रहा था। इसी दौरान बिजली के बोर्ड या तार में खराबी होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। अचानक हुए हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक शिवम के पिता बजरंगी और माता सुशीला दोनों दिव्यांग हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में शिवम अपने पिता का हाथ बंटाता था और खेती-किसानी के जरिए परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। उसके छोटे भाई कृष्णा और बहन खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस भर्ती परीक्षा में जाना था
परिजनों के मुताबिक, शिवम सोमवार को पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जाने वाला था। गांव में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। सोमवार सुबह ही बिजली आने पर वह अपना मोबाइल चार्ज करने लगा, ताकि परीक्षा के लिए निकल सके। बताया जा रहा है कि वह नंगे पैर था और इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया। परीक्षा में शामिल होने का सपना संजोए युवक की मौत से परिवार और गांव के लोग स्तब्ध हैं।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक की करंट लगने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।












