- परतावल चौराहे पर फंसे छात्र को पीआरबी टीम ने हूटर बजाकर परीक्षा केंद्र पहुंचाया, अभ्यर्थी ने जताया आभार
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण मंगलवार को महराजगंज जिले में देखने को मिला। पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए एक अभ्यर्थी की परीक्षा छूटने वाली थी, लेकिन डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से वह समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सका।
जानकारी के अनुसार अमन गुप्ता पुत्र कोदई प्रसाद गुप्ता निवासी श्याम विहार कॉलोनी, पहलवारा, थाना कोतवाली नगर, जनपद बलरामपुर पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए महराजगंज आए थे। परीक्षा केंद्र पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल निर्धारित था।
बताया गया कि अभ्यर्थी दोपहर करीब 2:25 बजे परतावल चौराहे पर पहुंचा और उसे आशंका हुई कि वह निर्धारित समय तक परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाएगा। परीक्षा छूटने की चिंता में उसने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर पीआरबी संख्या 5813 पर तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद ने कॉल अटेंड की। अभ्यर्थी ने बताया कि उसे पंचायत इंटर कॉलेज परतावल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचना है और समय बहुत कम बचा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरबी टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस कर्मियों ने अभ्यर्थी को परतावल चौराहे से अपने वाहन में बैठाया और हूटर बजाते हुए परीक्षा केंद्र की ओर रवाना हुए। टीम ने अभ्यर्थी को ठीक 2:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद होने से पहले पहुंचा दिया, जिससे वह समय पर परीक्षा में शामिल हो सका।
परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अभ्यर्थी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी डायल 112 सेवा की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि आपात स्थिति में डायल 112 केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।













