- मोबाइल मेडिकल टीम ने देर शाम तक चलाया अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने टीबी के लक्षणों को लेकर किया जागरूक
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। जनपद में क्षय रोग (टीबी) की पहचान और रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को बृजमनगंज विकास खंड के ग्राम सभा दुर्गापुर स्थित एएनएम केंद्र पर जांच शिविर का आयोजन किया गया। मोबाइल मेडिकल टीम द्वारा संचालित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
देर शाम तक चले शिविर के दौरान कुल 70 संभावित मरीजों की क्षय रोग संबंधी जांच की गई। वहीं, संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर 16 मरीजों का मोबाइल एक्सरे यूनिट के माध्यम से एक्सरे परीक्षण भी किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र में क्षय रोग के संभावित मामलों की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर के दौरान क्षय रोग स्वास्थ्य दर्शक अंकिता पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षय रोग पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है, बशर्ते इसकी समय पर पहचान कर इलाज शुरू किया जाए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसी समस्याएं हो रही हों, तो वह बिना देर किए अपनी जांच अवश्य कराएं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि रोगियों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर में क्षय रोग निदान पर्यवेक्षक जितेंद्र सिंह, डॉ. पवन यादव, फार्मासिस्ट रोहित जायसवाल, स्टाफ नर्स सुरेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।













