महराजगंज: सरकारी नाले की जमीन को लेकर विवाद, बृजमनगंज पुलिस ने 24 लोगों को किया गिरफ्तार
- शिवपुर धोबीटोला में दो पक्षों के बीच हुई थी मारपीट, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने की कार्रवाई
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर धोबीटोला में सरकारी नाले की भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में सरकारी नाले की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
इसी विवाद को लेकर 14 जून 2026 को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना के संबंध में रीता देवी पत्नी रमेश यादव की तहरीर पर थाना बृजमनगंज में 15 जून को मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 324(4) के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल कुल 24 नामजद अभियुक्तों एवं अभियुक्ताओं को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी तारकेश्वर वर्मा ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।
