महराजगंज: सीएमओ ने किया सीएचसी बृजमनगंज का औचक निरीक्षण, निजी अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर भी जांचे

  • दवा कक्ष, डिलीवरी रूम और वैक्सीन स्टोरेज का लिया जायजा, नगर क्षेत्र में ओपीडी सेंटर शुरू करने के लिए भवन की तलाश

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नवनाथ प्रसाद ने शनिवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बृजमनगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमओ ने अस्पताल के दवा कक्ष, डिलीवरी कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष समेत विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन कक्ष में पहुंचकर जीवन रक्षक टीकों के रख-रखाव और स्टोरेज व्यवस्था की भी गहनता से जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि टीकों के भंडारण और वितरण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।

निरीक्षण के बाद सीएमओ नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर और एक निजी अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीएमओ के कस्बे में पहुंचने की सूचना मिलते ही कई निजी सेंटरों के संचालक अपने प्रतिष्ठान छोड़कर चले गए। हालांकि, स्टेशन रोड स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर निरीक्षण के दौरान बंद मिला।

सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने कहा, “स्टेशन रोड स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर खाली मिला। वहीं निजी अस्पताल में कुछ कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन चिकित्सक और मरीज नहीं मिले। संबंधित लोगों को व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए चेतावनी दी गई है।”

इस दौरान सीएमओ ने नगर पंचायत क्षेत्र में शहरी मरीजों की सुविधा के लिए एक ओपीडी सेंटर शुरू करने की योजना पर भी चर्चा की। इसके लिए उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल से मुलाकात कर उपयुक्त भवन उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत की।

स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से नगर क्षेत्र के लोगों को भविष्य में स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts