महराजगंज: विधायक निधि से लगी हाईमास्ट लाइटें बंद, नयनसर समेत कई गांवों में अंधेरे से जूझ रहे ग्रामीण

  • लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद कई स्थानों पर खराब पड़ी हैं हाईमास्ट लाइटें, रखरखाव पर उठ रहे सवाल

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के बृजमनगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा नयनसर के सोनौली सहित कई ग्राम पंचायतों में विधायक निधि से स्थापित कराई गई हाईमास्ट लाइटें खराब पड़ी हैं। कई स्थानों पर लाइटें स्थापना के कुछ समय बाद ही बंद हो गईं, जबकि कुछ लंबे समय से खराब हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय अंधेरा पसरा रहता है और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाईमास्ट लाइटों का उद्देश्य अधूरा रह गया है। उनका आरोप है कि कई लाइटें लगते ही खराब हो गईं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इससे कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय गांव के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अंधेरा रहने से राहगीरों को परेशानी होती है। वहीं सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से खराब पड़ी लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने अपनी विधायक निधि से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटें लगवाकर गांवों के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को रोशन करने की पहल की थी। इस जनहितकारी प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना भी की थी, लेकिन रखरखाव में लापरवाही के कारण कई स्थानों पर लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे योजना का अपेक्षित लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लाइट लगाने वाली कार्यदायी संस्था और संबंधित फर्म खराब उपकरणों की मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि खराब पड़ी हाईमास्ट लाइटों की जांच कर जल्द से जल्द उन्हें चालू कराया जाए, ताकि गांवों में फिर से रोशनी लौट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *