- सचिवों ने बीडीओ पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने के लगाए आरोप, बीडीओ ने सभी आरोपों को बताया निराधार
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज विकास खंड कार्यालय में शनिवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कृष्णकांत शुक्ला और ग्राम पंचायत सचिवों के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सचिव बीडीओ पर अभद्र भाषा के प्रयोग और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सचिवों का आरोप है कि बीडीओ कृष्णकांत शुक्ला अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और बात-बात पर नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं।
कुछ सचिवों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी कार्यालय में अनुचित स्थिति में रहते हैं और उनका व्यवहार कर्मचारियों के प्रति सम्मानजनक नहीं होता। आरोप लगाने वालों में हेमंत कुमार, आनंद पांडेय, अरुण कुमार, अतुल कुमार, अशोक कुमार, सर्वजीत गुप्ता और देवव्रत सिंह शामिल हैं।
सचिवों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। उनके अनुसार, लगभग दो महीने पहले भी इसी प्रकार का विवाद हुआ था, जिसकी लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी। सचिवों ने आरोप लगाया कि उन्हें छुट्टी के दिन कार्यालय बुलाया गया, जबकि वे अपनी-अपनी पंचायतों में महत्वपूर्ण कार्यों में व्यस्त थे।
विवाद बढ़ने के बाद सचिवों ने ब्लॉक कार्यालय परिसर में बैठक कर मामले की लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से करने और बीडीओ के स्थानांतरण की मांग करने की बात कही।
उधर, खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और असत्य बताया है। उनका कहना है कि सचिवों द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
मामला बढ़ता देख सहायक पंचायत अधिकारी गुलाब पाठक ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया। बाद में ब्लॉक प्रमुख भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
फिलहाल, मामले को लेकर कोई आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। यदि सचिवों द्वारा औपचारिक शिकायत की जाती है, तो उच्च अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













