बारिश के बाद बाउंड्री वॉल गिरी, मलबे में दबकर किशोर घायल

  • नाली निर्माण के लिए दीवार के किनारे हुई थी खुदाई, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर-2 में सोमवार शाम करीब पांच बजे एक बाउंड्री वॉल गिरने से 11 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 की एक गली में नगर पंचायत की ओर से नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान बाउंड्री वॉल के किनारे खुदाई की गई थी। सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद जमीन कमजोर हो गई और पानी रुकने के कुछ समय बाद करीब 40 फीट लंबी तथा साढ़े छह फीट ऊंची बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई।

दीवार गिरने के दौरान बाबूलाल का 11 वर्षीय पुत्र रितेश उसकी चपेट में आ गया और मलबे में दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल मलबा हटाकर किशोर को बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के लिए दीवार के पास की गई खुदाई के कारण उसकी नींव कमजोर हो गई थी। बारिश के बाद मिट्टी धंसने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

इस संबंध में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts