महराजगंज: बृजमनगंज में 1.10 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

  • वार्ड 9 में पोखरे का सौंदर्यीकरण और वार्ड 14 में इंटरलॉकिंग व टीन शेड का होगा निर्माण

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में सोमवार को कुल 1.10 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने वार्ड नंबर 9 और वार्ड नंबर 14 में प्रस्तावित परियोजनाओं की आधारशिला रखी। दोनों कार्यक्रम संबंधित सभासदों की अनुपस्थिति में संपन्न हुए।

वार्ड नंबर 14 में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क और टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत के अनुसार इस परियोजना के पूरा होने के बाद वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

वहीं वार्ड नंबर 9 स्थित ठाकुरद्वारा पोखरे के सौंदर्यीकरण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत पोखरे के चारों ओर पाथवे पर रेड स्टोन लगाया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *