- संविदाकर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, शटडाउन प्रक्रिया और उपभोक्ताओं से बेहतर व्यवहार के दिए गए निर्देश
लालगंज, रायबरेली। विद्युत वितरण खंड लालगंज के अंतर्गत उपखंड खीरों स्थित पावर हाउस में मंगलवार को समस्त संविदाकर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत सुरक्षा, शटडाउन प्रक्रिया और उपभोक्ता सेवा को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड लालगंज, सहायक अभियंता परीक्षण, उपखंड अधिकारी खीरों, अवर अभियंता खीरों तथा अवर अभियंता कलुवाखेड़ा ने संविदाकर्मियों को विद्युत सुरक्षा उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी कार्य के समय व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट, ग्लव्स, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, अर्थ चेन एवं डिस्चार्ज रॉड आदि) का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
बैठक में शटडाउन प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि किसी भी मरम्मत अथवा रखरखाव कार्य को शुरू करने से पहले पावर हाउस में आकर अथवा निर्धारित कोड के माध्यम से लिखित रूप में शटडाउन लेना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

इसके अलावा संविदाकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।
बैठक में उपभोक्ता सेवा को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी उपभोक्ताओं से विनम्र और शालीन व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। साथ ही उपभोक्ताओं के अधिक से अधिक फोन कॉल अटेंड कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और बेहतर उपभोक्ता सेवा विभाग की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करना होगा।













