- चार महिलाओं की हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर; डायल 112 पुलिस ने संभाला मोर्चा
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के रायबरेली-सेमरी वाया गुरूबख्शगंज मार्ग पर बरौला मोड़ के पास गुरुवार को दो ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खीरों पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार महिलाओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में गुरूबख्शगंज थाना क्षेत्र के बदई का पुरवा निवासी रेखा देवी (40) पत्नी रामबदन, सरोज देवी (42) पत्नी गोवर्धन, तुलसा देवी (50) पत्नी रामसनेही तथा भदोखर थाना क्षेत्र के गौतम का पुरवा निवासी रामदुलारी (65) पत्नी रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं हादसे में ई-रिक्शा चालक भूपेंद्र सिंह (48) पुत्र रामराज सिंह निवासी लाऊ खेड़ा, थाना खीरों सहित दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।













