बृजमनगंज में बिजली विभाग का जांच अभियान, 1.50 लाख रुपये का बकाया बिल वसूला

  • घरों में मीटर, लोड और बिलों की जांच, अवैध कनेक्शन व बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज में शुक्रवार को विद्युत विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाकर घर-घर बिजली कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान मीटर, विद्युत लोड एवं बकाया बिजली बिलों का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान करीब 1 लाख 50 हजार रुपये के बकाया बिल की वसूली भी की गई।

जांच अभियान का नेतृत्व बृजमनगंज विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर महेंद्र नाथ ने विभागीय टीम के साथ किया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के मीटर, स्वीकृत लोड एवं कनेक्शन की स्थिति का निरीक्षण कर बिजली के वैध उपयोग की जांच की।

अवर अभियंता सुशील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से मीटर से छेड़छाड़, बाईपास अथवा कटिया डालकर बिजली का उपयोग न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि ऐसी अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से भी कृषि कार्यों के लिए अधिकृत विद्युत कनेक्शन लेने और उसी के माध्यम से सिंचाई सहित अन्य कार्य करने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से घरों में उचित क्षमता के एमसीबी (MCB) और आरसीसीबी (RCCB) लगाने की भी अपील की।

अवर अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विजिलेंस एवं विभागीय संयुक्त टीम द्वारा किसी भी समय, विशेषकर सुबह और रात में औचक जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने तथा स्वीकृत लोड के अनुसार ही विद्युत उपयोग करने की अपील की।

जांच अभियान में लाइनमैन दुर्गादिन, बब्लू, आशुतोष, गोबिंद, अखिलेश सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts