सरोजनीनगर में शांतिपूर्ण माहौल में निकला मोहर्रम का जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस

  • आजाद नगर, चिल्लवा, समा विहार और बदाली खेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अकीदत के साथ निकला मातमी जुलूस

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के आजाद नगर, चिल्लवा, समा विहार और बदाली खेड़ा सहित विभिन्न इलाकों में मोहर्रम का मातमी जुलूस शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा, अकीदत और शांतिपूर्ण वातावरण में निकाला गया। अज़ादारों ने इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में मातम किया तथा ताजियों के साथ जुलूस में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मोहर्रम के मद्देनजर थाना सरोजनीनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में बदाली खेड़ा चौकी प्रभारी अजय यादव, उपनिरीक्षक विकास राजपूत सहित पुलिस बल पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई तथा पुलिस लगातार निगरानी करती रही।

जुलूस में बड़ी संख्या में अज़ादारों ने भाग लिया। निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्वक निकले जुलूस के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के साथ आयोजकों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।

प्रशासन ने मोहर्रम के अवसर पर सभी ताजियादारों, आयोजकों, धर्मगुरुओं और क्षेत्रवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में स्थानीय नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा, जिसके कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *