महारानी दुर्गावती शौर्य दिवस पर गोंड धुरिया समाज का सम्मेलन, जाति प्रमाण पत्र जारी करने की उठी मांग

  • गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन में समाज के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर हुई चर्चा

गोरखपुर। महारानी दुर्गावती शौर्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आरटीओ रोड स्थित गोकुल अतिथि भवन में गोंड धुरिया समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सम्मेलन में समाज के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार तथा जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुरूप पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने चाहिए। उनका कहना था कि कई स्थानों पर आवश्यक पात्रता होने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक विलंब और बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।

मूलनिवासी आदिवासी आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छात्रनेता शिव शंकर गोंड ने अपने संबोधन में कहा कि समाज अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक है और उन्हें सुनिश्चित कराने के लिए संगठित प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि यदि शासनादेशों के अनुरूप पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाते हैं, तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर विचार करेगा।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही समाज की एकजुटता बनाए रखते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।

सम्मेलन के अंत में महारानी दुर्गावती के शौर्य, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *