हैदरगढ़ में निर्माणाधीन भवन की छत गिरी, एक मजदूर की मौत, नौ घायल

  • नई तहसील के सामने निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा, चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर, बचाव अभियान जारी

पंकज तिवारी

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। नई तहसील परिसर के सामने लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे निर्माणाधीन एक भवन की छत डालने के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। अचानक छत गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भवन की छत की स्लैब डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी संरचना भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस एवं प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार मजदूरों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बचाव कार्य का जायजा लिया और राहत अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

हादसे में मृत मजदूर की पहचान नौशाद के रूप में हुई है। घटना के बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया। प्रशासन ने निर्माणाधीन भवन की छत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *