- विजय कुमार ‘बन्धु’ ने 25 सितंबर को लखनऊ में प्रस्तावित महारैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का किया आह्वान
रायबरेली। अटेवा उत्तर प्रदेश एवं एनएमओपीएस के अध्यक्ष श्री विजय कुमार “बन्धु” के नेतृत्व में निकाली जा रही अटेवा जनजागरण यात्रा शुक्रवार को रायबरेली पहुँची। गोल्डन उत्सव लॉन में यात्रा का शिक्षकों, कर्मचारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
यह जनजागरण यात्रा 11 जून 2026 को शहीद स्थल काकोरी, लखनऊ से प्रारम्भ हुई थी। यात्रा लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर, सीतापुर और प्रतापगढ़ के विभिन्न ब्लॉकों से होते हुए रायबरेली पहुँची। यात्रा का उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली, सेवारत शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति, निजीकरण का विरोध तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे जनसरोकार के मुद्दों को आमजन तक पहुँचाना है।
सभा को संबोधित करते हुए अटेवा एवं एनएमओपीएस के अध्यक्ष विजय कुमार “बन्धु” ने कहा कि वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों को टीईटी के लिए बाध्य करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों की नियुक्ति उस समय की निर्धारित योग्यताओं के आधार पर हुई थी और नियुक्ति के बाद नियमों में बदलाव करना उचित नहीं है।
उन्होंने सरकार से रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती करने की मांग करते हुए कहा कि लाखों पद खाली होने के बावजूद संविदा कर्मियों की नियुक्ति करना युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि जब जनप्रतिनिधियों की कोई सीट खाली नहीं रहती, तो शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों में वर्षों से लाखों पद रिक्त क्यों पड़े हैं।
विजय कुमार “बन्धु” ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली अटेवा का सबसे प्रमुख उद्देश्य है और जब तक इसे बहाल नहीं किया जाएगा, संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान समय में आमजन इन बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित होते जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज इन जनहित के मुद्दों पर अटेवा और एनएमओपीएस के साथ मजबूती से जुड़ेगा। बन्धु जी ने कहा 25 सितम्बर को लखनऊ में एक बड़ी महारैली का कार्यक्रम प्रस्तावित है जिसमें आप सभी की उपस्थिति ही पुरानी पेंशन बहाली का रास्ता साफ़ करेगी।
अटेवा रायबरेली संयोजक इरफ़ान अहमद ने कहा यह जनजागरण यात्रा 22 जून को रायबरेली जनपद के बछरावां, गुरुबख्शगंज, खीरों, सरेनी, लालगंज में रही थी। 23 जून यह यात्रा जगतपुर, डलमऊ, ऊँचाहार ब्लॉकों से गुजरकर प्रतापगढ़ चली गई थी।
सलोन, डीह में जनजागरण करते हुए रायबरेली शहर पहुँची थी। आज यात्रा हरचन्दपुर, महराजगंज व शिवगढ़ पहुँची थी जहाँ यात्रा भव्य स्वागत किया गया। स्वावत में शामिल लोगों ने हर क़दम अटेवा का साथ देने का विश्वास दिलाया।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी से नीरजपति त्रिपाठी, विक्रमादित्य मौर्य, सतेन्द्र राय, आशीष वर्मा, रजत यादव, कमल उसरी, ओम प्रकाश, अर्पित, आर्यन वेद, सर्वेश, आशुतोष, अविनाश, अनिल यादव, मोहम्मद नसीम, शीतांशु सोनकर, शांतनु सोनकर, महेश कश्यप, राम गोपाल, महेश, आशाराम रावत, शोएब, मन्नान, सतेंद्र गब्बर, अनवर अली, सतीश चौरसिया, उमैस, आरिफ़, अविनाश कनौजिया, चंद्रकांत त्रिपाठी, जय सिंह सहित ज़िले व ब्लॉकों के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, व्यापारी और आम जनमानस उपस्थित रहे।













