बृजमनगंज में बिजली विभाग का जांच अभियान, एक लाख रुपये के बकाया बिल की वसूली

  • मीटर, लोड और बिजली बिलों की हुई जांच, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर महेंद्र नाथ के नेतृत्व में रविवार को नगर पंचायत क्षेत्र के फरेंदा रोड और कोल्हुई रोड पर विद्युत जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने उपभोक्ताओं के मीटर, विद्युत लोड और बकाया बिलों की जांच करते हुए लगभग एक लाख रुपये के बकाया बिजली बिल की वसूली की।

जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिल का भुगतान किया। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही कुछ घरों में बाहर से ताला लगा मिला, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने यह भी जांच की कि उपभोक्ता वैध विद्युत कनेक्शन और स्वीकृत लोड के अनुसार ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं या नहीं।

अवर अभियंता सुशील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विभाग का जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं को मीटर से छेड़छाड़, बाईपास या कटिया के माध्यम से बिजली चोरी न करने की चेतावनी दी। साथ ही कृषि कार्यों के लिए भी वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही सिंचाई करने की अपील की।

उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर सभी उपभोक्ताओं को घरों में मानक क्षमता के एमसीबी (MCB) और आरसीसीबी (RCCB) लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी और अनियमितताओं की रोकथाम के लिए विजिलेंस एवं विभागीय संयुक्त टीम किसी भी समय, दिन या रात, जांच अभियान चला सकती है।

जांच अभियान में लाइनमैन बब्लू, आशुतोष, गोबिंद, अखिलेश सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts